चौमू (जयपुर)।  सीकर सांसद सुमेधानंद सरस्वती व भारतीय जनता पार्टी जयपुर जिला देहात (उत्तर) जिलाध्यक्ष एवं चौमू विधायक रामलाल शर्मा ने आज 'अस्थि विसर्जन यात्रा' अभियान की प्रथम बस गढ़ गणेश मंदिर से हरी झंडी दिखाकर रवाना की।

बस में 39 व्यक्ति अपने परिवार जनों के अस्थि कलश लेकर हरिद्वार के लिए रवाना हुए। गढ़ गणेश मंदिर पर परिजनों को माला पहनाकर तथा सामूहिक पूजा करवा कर बस में बैठाया गया। परिजनों को बस में बैठाने से पूर्व बस को सैनिटाइज करवाया गया। वही मेडिकल टीम से सबकी स्क्रीनिंग करवाई गई और सैनिटाइजर से हाथ धुलवा कर मास्क पहनाए गए।  खाने के पैकेट, पानी की बोतल व सैनिटाइजर उपलब्ध करवाए गए।


गौरतलब है कि कोरोना विपदा के दौरान क्षेत्र के कई परिजनों ने अपनों को खोया है और लॉक डाउन के नियमों के कारण उनकी अस्थियों को गंगा जी में विसर्जित नहीं कर पाए थे। विधायक रामलाल शर्मा ने लोगों के इस दर्द को समझा और जिला कलेक्टर से एक बस की अनुमति लेकर परिजनों को हरिद्वार के लिए रवाना किया गया। परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसके लिए विधायक ने हरिद्वार में क्रिया कर्म करवाने वाले पंडितों से बात भी कर ली है।


बस को रवाना करते हुए सीकर सांसद सुमेधानंद सरस्वती ने कहा कि यह हमारी परंपरा है कि मरने वालों की अस्थियां गंगा जी में विसर्जित की जाती है, विधायक रामलाल शर्मा हमेशा से ही आमजन के सुख दुख में सदैव भागीदार रहे हैं तथा वे पूरे विधानसभा क्षेत्र को अपना ही परिवार मानते हैं और इसलिए उन्होंने इनका यह दर्द स्वयं महसूस किया। विधायक शर्मा ने बताया कि जिन परिवारों ने इस लॉक डाउन के दौरान अपनों को खोया है, उनको दोहरी वेदना का सामना करना पड़ रहा है, एक और तो उनके परिवार का सदस्य चला गया और दूसरी और उनकी मजबूरी कि वे उनकी अस्थियों को गंगा जी में भी प्रवाहित नहीं कर पाए। मेरी ऐसे कई परिवारों  के सदस्यों से दूरभाष पर वार्ता हुई तथा व्यक्तिगत रूप से मिला तो सभी ने अपनी वेदना मेरे समक्ष व्यक्त कर कहा कि यह कैसी व्यवस्था है कि हमारे परिजनों के अस्थि कलश हमारे घर में खूंटी पर टंगे हुए हैं या मंदिरों में रखे हुए हैं। हम चाह कर भी उनको गंगा जी में प्रवाहित नहीं कर पा रहे हैं, यदि आप किसी प्रकार इसकी व्यवस्था कर दे, तो मेहरबानी होगी। विधायक शर्मा ने इसका बीड़ा उठाया और उसका परिणाम कि आज पहली बस हरिद्वार के लिए रवाना कर दी गई। अस्थि कलश लेकर जाने वाले परिजनों ने विधायक रामलाल शर्मा को ढेरों आशीर्वाद और दुआएं दी। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अर्चना कुमावत, जिला उपाध्यक्ष बजरंग लाल सोनी, नगर पालिका पूर्व अध्यक्ष आशीष दुसाद और पूर्व उपाध्यक्ष कालूराम जाट, पार्षद मनोज कुमावत, धर्मेंद्र बंजारा, बलदेव टाक, प्रहलाद टेलर,  गोविंदगढ़ पूर्व सरपंच गोपाल डेनवाल, महामंत्री संदीप शर्मा, महेश शेरावत, शैलेंद्र विजयवर्गीय, अर्जुन यादव, युवा मोर्चा जिला महामंत्री आलोक जांगिड़ सहित भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।